

Jasmin Sandlas Engagement: मशहूर पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर जैस्मिन सैंडलस ने अपने दिल्ली LIVE कॉन्सर्ट में फैंस को ऐसा सरप्राइज दिया, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। ‘द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर’ की शुरुआत के दौरान उन्होंने स्टेज पर अपनी सगाई का ऐलान किया और पहली बार अपने मंगेतर शेखर चौधरी को सबके सामने पेश किया।
परफॉर्मेंस के बीच जैस्मिन ने माइक संभालते हुए कहा कि उनकी जिंदगी में एक नई शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने अपनी सगाई की अंगूठी दिखाते हुए मंगेतर का हाथ थामा और कहा, “ये वही इंसान हैं जिन्होंने मुझे अंगूठी पहनाई है। ये हैं मेरे मंगेतर!” इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और रोमांटिक गाने ‘लावां’ पर साथ में डांस भी किया। इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस कॉन्सर्ट में जैस्मिन ने ‘तरस’, ‘इलीगल वेपन’, ‘लावां’, ‘पंजेबा’, ‘सिप सिप’ और ‘धुरंधर’ के लोकप्रिय गाने भी गाए। अब उनका इंडिया टूर मुंबई, बेंगलुरु और चंडीगढ़ में भी जारी रहेगा।
जालंधर में जन्मी और अमेरिका में पली-बढ़ीं जैस्मिन सैंडलस ने 2007 में अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी। बॉलीवुड में उन्हें सलमान खान की फिल्म ‘किक’ के सुपरहिट गाने ‘यार ना मिले’ से बड़ी पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने कई हिट गानों से अपनी अलग पहचान बनाई।





