
भिलाई के रामनगर इलाके में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। नर्सिंग की पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय खुशी साहू की उसके किराये के कमरे में हत्या कर दी गई। घटना के वक्त उसकी रूममेट बाथरूम में थी। इसी बीच एक युवक कमरे में पहुंचा और धारदार हथियार से हमला कर मौके से फरार हो गया।
खुशी साहू बेमेतरा जिले की रहने वाली थी और कुछ दिन पहले ही पढ़ाई के लिए भिलाई आई थी। वह एक निजी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ खर्च चलाने के लिए स्थानीय कैफे में नौकरी भी कर रही थी।
रूममेट जब बाहर निकली तो खुशी गंभीर रूप से घायल हालत में फर्श पर पड़ी थी। आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस को एक युवक पर शक है, जिसकी तलाश जारी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज और छात्रा के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आएगी।



