

धमतरी। बैलाडीला से रायपुर जा रही एक यात्री बस में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक की अचानक तबीयत खराब हो गई। यात्रियों के मुताबिक उसे तेज झटके आने लगे और नाक से खून बहने लगा। कुछ ही मिनटों में वह बेहोश हो गया।
बस चालक ने बिना देर किए अर्जुनी के पास वाहन रोककर 108 एंबुलेंस को सूचना दी। युवक को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पता चला कि युवक के साथ यात्रा कर रहा दूसरा व्यक्ति घटना के बाद कहीं चला गया। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है और उससे पूछताछ के बाद ही कई सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल हर पहलू से जांच जारी है।



