
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में बुधवार को एक नाबालिग लड़की के मोबाइल टॉवर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। लड़की करीब तीन घंटे तक टॉवर पर बैठी रही, जिससे इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, तुमला थाना क्षेत्र के कोल्हनझरिया गांव की रहने वाली नाबालिग अपने प्रेमी की दूसरी जगह शादी तय होने से नाराज थी। इसी वजह से वह मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने लगातार बातचीत कर लड़की को समझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से नाबालिग को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और उसे समझाइश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
