
Atal Awas Raid Kavardha
: कवर्धा। जिले में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कबीरधाम पुलिस ने बुधवार सुबह घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरे से की गई।
पुलिस को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि अटल आवास के कुछ मकानों में संदिग्ध लोगों का आना-जाना है और वहां अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने एक साथ कई मकानों में दबिश देकर तलाशी अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान कुछ घरों से शराब, नशीले पदार्थ और अन्य संदिग्ध सामग्री मिलने की जानकारी सामने आई है। वहीं, कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाना और संदिग्ध तत्वों की पहचान करना है। फिलहाल पूरे परिसर में जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
