
पटना के चर्चित शिक्षक खान सर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उनके कोचिंग संस्थान में 2 जून को हुए विवाद के बाद अब उन पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि फायरिंग, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत FIR दर्ज हुई है।
दिलचस्प बात यह है कि FIR दर्ज होने के बाद खान सर सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि वह फिलहाल अंडरग्राउंड हैं। जबकि इससे पहले उन्होंने कहा था कि यदि उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज होता है तो वह पुलिस जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
3 जून को खान सर ने पटना पुलिस की कार्रवाई की खुलकर सराहना भी की थी। उन्होंने कहा था कि कोचिंग सेंटर पर हुए हमले के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो सराहनीय है। लेकिन अब खुद मामले में नाम आने के बाद उनकी गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है।
शनिवार को उनके कोर्ट में सरेंडर करने की खबरें भी सामने आईं, लेकिन बाद में उनके वकील ने साफ किया कि फिलहाल सरेंडर नहीं किया जाएगा। वकील के मुताबिक, खान सर सोमवार या मंगलवार को अग्रिम जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि कोचिंग सेंटर में हुए विवाद को लेकर दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। एक मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं वायरल फायरिंग वीडियो के बाद दर्ज दूसरी FIR में खान सर के दो सुरक्षा गार्डों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का आरोप है कि फायरिंग उनके निर्देश पर हुई थी, जिसके आधार पर खान सर को भी मामले में आरोपी बनाया गया है।
