
रायपुर। राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल ऑफिस में शनिवार सुबह आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि सुबह जब कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तो बैंक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की कुछ दुकानों को भी खाली कराया गया है।
फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। नगर निगम का पानी टैंकर भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
