
गरियाबंद। अखिल भारतीय औषधि विक्रेता संगठन (AIOCD) के आह्वान पर 20 मई को देशभर में दवा व्यापार बंद रहेगा। इस बंद को गरियाबंद जिला दवा विक्रेता संघ ने भी समर्थन दिया है। दवा व्यापारी अपनी लंबित मांगों को लेकर शहर में बड़ी मोटर साइकिल रैली निकालेंगे।
दवा विक्रेता संघ के अनुसार रैली 20 मई को दोपहर 12 बजे स्थानीय आरती मेडिकल शिव मंदिर से शुरू होगी। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट पहुंचेगी, जहां प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संघ के जिला अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने बताया कि आंदोलन का उद्देश्य दवा व्यापार और जनस्वास्थ्य से जुड़ी लंबित मांगों की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी दवा व्यापारियों का इस बंद को पूरा समर्थन मिल रहा है।
संघ ने दावा किया है कि रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित होगी। साथ ही यातायात नियमों और प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन किया जाएगा ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
इस संबंध में संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्रा, कोषाध्यक्ष अमीन मेमन और सचिव अश्वनी सिंह ठाकुर समेत अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को सूचना देकर सुरक्षा और प्रशासनिक सहयोग की मांग की है।
