
तेलंगाना कैडर की वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी IPS B Sumathi हाल ही में अपने एक अनोखे और साहसिक प्रयोग की वजह से चर्चा में आ गई हैं। वे हैदराबाद के मलकाजगिरी क्षेत्र की पुलिस कमिश्नर हैं।
रात में अकेले बस स्टॉप पर खड़ी रहीं
महिलाओं की सुरक्षा की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए उन्होंने आधी रात के बाद करीब 12:30 बजे से 3:30 बजे तक एक बस स्टॉप पर अकेले खड़े रहने का फैसला किया। इस दौरान उन्होंने कोई सुरक्षा या पुलिस बल अपने साथ नहीं रखा और सामान्य नागरिक की तरह सिविल ड्रेस में रहीं।
3 घंटे में 40 पुरुष पास आए
इस दौरान करीब 3 घंटे में लगभग 40 पुरुष उनके पास आए। रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से कई लोग नशे की हालत में थे। कुछ युवाओं और छात्रों ने भी उनसे बातचीत करने की कोशिश की। इस प्रयोग का उद्देश्य यह समझना था कि बिना पुलिस सुरक्षा के रात में महिलाओं को किस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ता है।
कड़ी कार्रवाई नहीं, काउंसलिंग पर जोर
इस घटना के बाद पुलिस ने उन सभी लोगों की पहचान की। हालांकि, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के बजाय काउंसलिंग का विकल्प चुना गया। उन्हें समझाया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना जरूरी है।
पहले भी कर चुकी हैं ऐसा प्रयोग
बी. सुमति के लिए यह पहला मौका नहीं था। अपने करियर की शुरुआत में भी, लगभग 25 साल पहले, उन्होंने इसी तरह का अंडरकवर प्रयोग किया था, जब वे काजीपेट रेलवे स्टेशन के पास DSP के रूप में तैनात थीं।
पुलिसिंग में बड़ा अनुभव
IPS बी. सुमति राज्य खुफिया ब्यूरो (SIB) की प्रमुख रह चुकी हैं। वे माओवादी आत्मसमर्पण अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी हैं। साथ ही, वे पुलिसिंग में AI आधारित सुधारों को बढ़ावा देने के लिए भी जानी जाती हैं
