
रायपुर। राजधानी रायपुर की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ दिन पहले करेंसी टॉवर में आईएएस अधिकारी ऋचा शर्मा लिफ्ट में फंस गई थीं, और अब गुरुवार को फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में एक और लिफ्ट फंसने की घटना सामने आई है।
सुबह करीब 8 बजे आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी जिम जाने के लिए लिफ्ट का इस्तेमाल कर रही थीं। इसी दौरान अचानक लिफ्ट बीच में ही रुक गई। लिफ्ट में फंसने के बाद वह काफी घबरा गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और नगर निगम को सूचित किया गया। इसके बाद जोन क्रमांक-2 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू किया गया।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही टीम भेजी गई थी। वहीं मुख्य विद्युत निरीक्षक सुरेश कुमार नेताम ने कहा कि अगर इस तरह की कोई घटना सामने आती है तो लिफ्ट की तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।
गौर करने वाली बात यह है कि रायपुर में हाल के दिनों में लिफ्ट फंसने की घटनाएं बढ़ी हैं। 20 अप्रैल को करेंसी टॉवर में भी आईएएस ऋचा शर्मा करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही थीं। उस दौरान लिफ्ट में न पर्याप्त रोशनी थी और न ही वेंटिलेशन, साथ ही इमरजेंसी अलार्म भी काम नहीं कर रहा था।
इन लगातार घटनाओं ने शहर की बड़ी इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
