
बालोद। जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी की जुदाई एक पति सहन नहीं कर पाया और जिंदगी से हार मान ली। अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के चौरेल गांव में एक शख्स ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक की पहचान किलेपार (रनचिरई) निवासी 42 वर्षीय परमानंद यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक के साथ चली गई थी और उसी के गांव चौरेल में रह रही थी।
जानकारी के मुताबिक, परमानंद यादव पिछले तीन दिनों से लगातार अपनी पत्नी को मनाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह वापस आने को तैयार नहीं हुई। आखिरकार हताश होकर वह पत्नी के प्रेमी के गांव पहुंचा और वहीं उसके घर के सामने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है।
