Vedanta Power Plant Blast:छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भयानक बॉयलर ब्लास्ट ने तबाही मचा दी है। इस दर्दनाक हादसे में अब मरने वालों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। वहीं, दो दर्जन से ज्यादा मजदूर घायल हैं, जिनमें कई की हालत अभी भी बेहद गंभीर बताई जा रही है।
धमाके से मचा हड़कंप
डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई गांव में हुए इस जोरदार धमाके के बाद पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट इतना खतरनाक था कि कई मजदूर इसकी चपेट में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अस्पतालों में जिंदगी की जंग
हादसे के बाद सभी घायलों को रायगढ़ के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ लोगों की हालत बेहद नाजुक है, जिससे मौत का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
गेट के बाहर बवाल, पुलिस तैनात
घटना के बाद मजदूरों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। प्लांट के गेट के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी। हालात को काबू में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
इस हादसे के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआती जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
