आरंग। आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक तेज रफ्तार धान से लदे ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा तब हुआ, जब परिवार शादी समारोह से लौट रहा था।
जानकारी के मुताबिक, बाइक पर सवार नंदकिशोर लोधी, उनकी मां राजकुमारी लोधी और रिश्तेदार कुंतीबाई लोधी गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास सामने से आ रहे धान से भरे ट्रक ने लापरवाही से बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नंदकिशोर लोधी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी मां राजकुमारी लोधी की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
शादी से लौटते समय उजड़ा
बताया जा रहा है कि कुंतीबाई लोधी अपने रिश्तेदारों के साथ आरंग में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बाइक से गांव गुल्लू लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। एक पल में खुशियों से भरा परिवार मातम में बदल गया।
शराब के नशे में था ट्रक चालक
हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर नवापारा-राजिम रोड पर ग्राम चरौदा के पास ट्रक को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि चालक शराब के नशे में था।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
