CG News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्राथमिक स्कूल में पढ़ने वाली तीसरी कक्षा की छात्राएं पिछले एक सप्ताह से लगातार बेहोश हो रही हैं। इस अजीब घटनाक्रम से न सिर्फ स्कूल प्रशासन बल्कि अभिभावक और पूरा इलाका दहशत में है।
खैरागढ़ के सड़क अतरिया क्षेत्र स्थित प्राथमिक शाला खैरबना में यह रहस्यमयी स्थिति बनी हुई है। कभी कक्षा के दौरान तो कभी प्रार्थना सभा के बाद अचानक मासूम बच्चियां जमीन पर गिर जाती हैं। कुछ देर बाद वे सामान्य भी हो जाती हैं, लेकिन घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा।
बुधवार को फिर बिगड़ी स्थिति
बुधवार को प्रार्थना के बाद जब छात्राएं अपनी-अपनी कक्षाओं में पहुंचीं, तभी अचानक तीन बच्चियां बेहोश होकर गिर पड़ीं। कुछ ही मिनटों में दो और छात्राएं भी बेसुध हो गईं। थोड़ी देर बाद ये छात्राएं होश में आईं, लेकिन इसके बाद चार से पांच और छात्राओं के बेहोश होने से स्कूल में हड़कंप मच गया।
मेडिकल टीम मौके पर, कारण अब भी रहस्य
घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक चिकित्सा टीम तुरंत स्कूल पहुंची। परिसर में ही मेडिकल कैंप लगाया गया, जहां छात्राओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई। ब्लड सैंपल भी लिए गए, लेकिन अब तक किसी ठोस वजह का पता नहीं चल पाया है।
मेडिकल बोर्ड कर रहा जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ आशीष शर्मा ने संज्ञान लिया। बेहोश हुई छात्राओं को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल खैरागढ़ भेजा गया, जहां मेडिकल बोर्ड द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो सकेगा।
कलेक्टर और सीईओ ने किया स्कूल का निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर इंद्रजीत चंद्रवाल और जिला पंचायत सीईओ प्रेम पटेल स्वयं स्कूल पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों और छात्राओं से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। साथ ही बच्चों की मानसिक स्थिति, डर और स्कूल के वातावरण के बारे में भी सवाल किए।
अधिकारियों ने कक्षाओं, मिड-डे मील रसोई, पीने के पानी के स्रोत और आसपास के माहौल का भी निरीक्षण किया। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संभावित कारण को नजरअंदाज न किया जाए और जांच पूरी होने तक बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
