रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत 12 राज्यों में चल रही SIR प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस महाभियान को पूरा करने के लिए 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन अब अंतिम तारीख बेहद करीब आ गई है। इस बीच पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में SIR की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है।
बैज ने कहा कि प्रदेश के BLO लगातार दबाव में हैं और निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया—
“इतने दिनों में काम पूरा नहीं हुआ, अब बचे 6 दिनों में कैसे होगा?”
पीसीसी चीफ के अनुसार, 4 दिसंबर तक SIR पूरा करना संभव नहीं, इसलिए चुनाव आयोग को तारीख आगे बढ़ानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा बनाए गए कंट्रोल रूम का मकसद यही है कि अगर कोई कर्मचारी या आम व्यक्ति प्रक्रिया को लेकर परेशान है, तो वह फोन कर मदद ले सके।
जमीन गाइडलाइन को लेकर भी उठाई आवाज
प्रेसवार्ता के दौरान जमीन गाइडलाइन दर को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि—
गाइडलाइन दर 10 गुना तक बढ़ा दी गई है,
जिससे छोटे व गरीब वर्ग को घर और जमीन खरीदने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैज ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गाइडलाइन में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।
