बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में फ्री फायर मोबाइल गेम को लेकर दो नाबालिगों के बीच हुआ झगड़ा खूनी विवाद में बदल गया। गुस्से में आकर 14 साल के लड़के ने 17 साल के अपने दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत रायपुर के संकरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
यह घटना गुरुर थाना क्षेत्र के पेरपार गांव में हुई। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने कुछ लोग खाना खाने के बाद फ्री फायर खेल रहे थे। गेम के दौरान 14 साल का लड़का हंसने लगा। इस पर 17 साल के दोस्त ने कारण पूछा तो उसने गुस्से में कहा – “चुप रहो, नहीं तो मार दूंगा”। बात इतनी बढ़ी कि 14 साल के नाबालिग ने चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर बाल संप्रेषण गृह, दुर्ग भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
