रायपुर। राजधानी रायपुर में धर्मांतरण पर चल रही बहस के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ सेना के गठन के बाद चार महिलाओं की हिंदू धर्म में वापसी कराई। महिलाओं का पैर धोकर, शॉल और श्रीफल देकर विधिवत रूप से स्वागत किया गया।
पुरंदर मिश्रा ने बताया कि हर रविवार सुबह 9 से 11 बजे तक जगन्नाथ सेना धर्मांतरण के खिलाफ जागरूकता फैलाने और धर्मविरोधी गतिविधियों को रोकने का काम करेगी।
इस आयोजन से पहले विधायक ने कुंदरापारा से मधुपिल्लै चौक तक पदयात्रा कर जनजागरण अभियान भी चलाया। मिश्रा ने बताया कि रायपुर की उड़िया बस्तियों में धर्मांतरण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद जगन्नाथ सेना का गठन किया गया।
विधायक ने कहा कि जब भी धर्मांतरण के मामले सामने आएंगे, जगन्नाथ सेना शासन-प्रशासन को सूचना देगी और मिशनरी गतिविधियों को रोकने का कार्य करेगी। उनका कहना है कि यह आंदोलन राजधानी से शुरू होकर गांव-गांव तक पहुंचेगा।
