सक्ती। जिले के बाराद्वार रेलवे फाटक के पास शनिवार को एक अज्ञात महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन शव को तुरंत हटाने या ढकने के बजाय जीआरपी टीम का इंतजार किया गया।
लगभग 4 घंटे तक महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में पटरियों के पास पड़ा रहा और इस दौरान कई ट्रेनें गुजरती रहीं। आरपीएफ की ओर से शव को सम्मानजनक ढंग से हटाने में लापरवाही दिखाई गई, जिससे मानवीय संवेदनशीलता पर सवाल खड़े हो गए।
बाद में जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर रेलवे प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराज़गी जताई। उनका कहना है कि ऐसे मामलों में इंसानियत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, न कि विभागीय औपचारिकताओं को।
