अंबिकापुर: सीतापुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में कक्षा 2 की छात्रा समृद्धि गुप्ता के साथ हिंसा करने पर शिक्षिका नम्रता गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सीतापुर पुलिस ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कक्षा 2 की छात्रा समृद्धि को टॉयलेट जाने से रोककर शिक्षिका ने डंडे से पीटा और 100 से अधिक बार उठक-बैठक करवाई। इसके कारण बच्ची की हालत गंभीर हो गई और उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अब बच्ची चलने और खड़े होने में असमर्थ है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 295, 115(2), 75, 82 और JJ एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इस घटना की खबर मीडिया में आने के बाद शासन-प्रशासन भी सक्रिय हुआ। छत्तीसगढ़ जोन के डीएवी प्रबंधन ने शिक्षिका नम्रता गुप्ता को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही डीएवी पब्लिक स्कूल प्रतापगढ़ के प्राचार्य राजीव सिंह को अनिश्चितकालीन फोर्स लीव पर भेजा गया है, ताकि मामले पर प्रभाव न पड़े।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।
