आईपीएल 2026 के 7वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को चेपॉक में 5 विकेट से हरा दिया। टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की, लेकिन इस जीत के बीच कप्तान श्रेयस अय्यर की एक बड़ी गलती चर्चा का विषय बन गई है, जिसका खामियाजा पूरी टीम को भुगतना पड़ रहा है।
स्लो ओवर रेट की गलती दोहराई
दरअसल, श्रेयस अय्यर ने मैच के दौरान स्लो ओवर रेट बनाए रखने में लापरवाही दिखाई। इससे पहले भी गुजरात के खिलाफ मुकाबले में उन्हें इसी वजह से सजा मिली थी। लगातार दूसरी बार नियमों का उल्लंघन करने पर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने सख्त रुख अपनाया है।
कप्तान समेत पूरी टीम पर जुर्माना
आईपीएल के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह इस सीजन में पंजाब किंग्स का दूसरा ओवर-रेट उल्लंघन था। इसके चलते कप्तान अय्यर पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर पर 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत (जो भी कम हो) जुर्माना लगाया गया है।
मैच का पूरा हाल
मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रन बनाए। आयुष म्हात्रे ने 73 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने नाबाद 45 और सफराज खान ने 32 रन का योगदान दिया।
जवाब में पंजाब किंग्स ने दमदार बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्य को 8 गेंद पहले ही हासिल कर लिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने अर्धशतक जमाया, जबकि प्रियांश आर्य (39) और प्रभसिमरन सिंह (43) ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।
जीत के बावजूद पंजाब किंग्स के लिए यह चेतावनी है कि अगर आगे भी ऐसी गलती दोहराई गई, तो कप्तान पर और कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
