
शामली। कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित दो शूटर मारे गए। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि हत्याकांड में शामिल दोनों शूटर शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना के बाद कई थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया। बदमाश पुलिस को चकमा देकर मन्ना माजरा की ओर भागने लगे।
होटल राजमहल के पास हुई फायरिंग
पुलिस ने बदमाशों को घेरने की कोशिश की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों बदमाशों और घायल जवानों को अस्पताल पहुंचाया, जहां बदमाशों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित, निवासी राझड़ा, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
