
कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ एक बार फिर सुर्खियों में है। शो के नए एपिसोड में अभिनेत्री मेधा शंकर की मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा है। मेधा की एंट्री ऐसे समय हुई है, जब उनका नाम पिछले कुछ समय से समय रैना के साथ जोड़ा जा रहा है।
मेधा शंकर को फिल्म ‘12वीं फेल’ (2023) में उनके अभिनय के लिए काफी लोकप्रियता मिली थी। हाल ही में समय रैना और मेधा शंकर को एक फ्लाइट के अलावा मुंबई एयरपोर्ट पर भी साथ देखा गया था। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई थीं। हालांकि, दोनों में से किसी ने भी डेटिंग की इन खबरों की पुष्टि नहीं की है।
नए एपिसोड के प्रोमो में नजर आईं मेधा
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के आगामी एपिसोड का प्रोमो जारी किया गया है। इसमें मेधा शंकर के साथ अभिनेता वरुण धवन भी नजर आ रहे हैं।
प्रोमो में समय रैना और कॉमेडियन निशांत तंवर, वरुण धवन के अभिनय को लेकर मजाक करते दिखाई देते हैं। दोनों के बीच मजेदार बातचीत देखने को मिलती है। दूसरी ओर, मेधा सफेद रंग की ड्रेस में शो का हिस्सा बनी नजर आती हैं और कॉमेडी पर हंसती दिखाई देती हैं।
सोशल मीडिया पर आए मजेदार रिएक्शन
मेधा को समय रैना के शो में देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने उनकी मौजूदगी को समय रैना के साथ चल रही कथित रिलेशनशिप की खबरों से जोड़ दिया।
एक यूजर ने कमेंट किया, ‘पैनल पर भाभी जी भी आई हैं।’ वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, ‘एक मिनट रुको! मुझे मेधा पैनल पर दिख रही है।’
एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘समय भाई अपनी अफवाह वाली गर्लफ्रेंड के साथ शो में।’
हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही इन चर्चाओं के बावजूद समय रैना और मेधा शंकर ने अपने रिश्ते को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
