भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी हैक होने का मामला सामने आया है। साइबर हैकरों ने उनकी 1.6 मिलियन फॉलोअर्स वाली मोनेटाइज्ड फेसबुक आईडी पर कब्जा कर लिया है और उससे होने वाली कमाई भी हड़प रहे हैं। इस मामले में साइबर थाने में अज्ञात हैकरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पासवर्ड से भी नहीं खुली फेसबुक आईडी
जानकारी के अनुसार, रिंकू सिंह ने कुछ दिन पहले अपनी फेसबुक आईडी चेक की, लेकिन वे पासवर्ड डालने के बावजूद लॉगिन नहीं कर पाए। जांच में सामने आया कि उनकी फेसबुक आईडी पहले जिस जीमेल आईडी ‘rinkukumar344.8.7’ से जुड़ी थी, उसे बदलकर ‘commercial.rinkukumar’ से लॉगिन किया जा रहा है।
1.6 मिलियन फॉलोअर्स वाली आईडी से हो रही थी कमाई
रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी पर करीब 16 लाख फॉलोअर्स हैं और वह पूरी तरह से मोनेटाइज है। हैकरों ने न सिर्फ आईडी को हैक किया, बल्कि उससे होने वाली कमाई भी अपने कब्जे में ले ली।
एसएसपी को दी गई सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए रिंकू सिंह ने खुद फोन कर एसएसपी नीरज जादौन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रिंकू सिंह के भाई सोनू सिंह की ओर से साइबर थाने में लिखित शिकायत (तहरीर) दी गई।
साइबर थाने में केस दर्ज
शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर हैकरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की साइबर टीम मामले की जांच में जुट गई है और हैकरों की तलाश की जा रही है।
टी-20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा हैं रिंकू सिंह
फिलहाल रिंकू सिंह मुंबई में हैं और टी-20 विश्व कप टीम का हिस्सा हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
