Ravi Shankar Prasad House Fire:दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के आवास में बुधवार सुबह आग लगने की खबर सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंच गया और आग पर काबू पा लिया गया।
आग सुबह करीब 8 बजे मदर क्रेसेंट रोड स्थित उनके सरकारी आवास के अंदर एक कमरे में रखे बेड में लगी थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दमकल विभाग की 3 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को समय रहते बुझा लिया गया, जिससे किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
घटना के समय आवास में मौजूद नहीं थे रविशंकर प्रसाद
बिहार के पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद दिल्ली में मदर क्रेसेंट रोड, 11 मूर्ति क्षेत्र स्थित कोठी नंबर-2 में रहते हैं। हालांकि, घटना के समय वह आवास पर मौजूद थे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
दिल्ली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। इसके अलावा, आवास पर मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि पिछले साल मार्च में भी दिल्ली हाई कोर्ट के एक न्यायाधीश के आवास पर आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे थे।
