राजिम के पास सेंदर गांव में शादी की खुशियां अचानक डर में बदल गईं। रात का समय, मंच पर दूल्हा-दुल्हन, हजारों मेहमान… और इसी भीड़ में कोई ऐसा भी था, जो मेहमान नहीं बल्कि चोर था।
रविवार देर रात करीब 1:30 बजे, जब दूल्हा-दुल्हन फोटो खिंचवाने के लिए स्टेज से थोड़ी दूर गए, तभी सब कुछ बदल गया। स्टेज पर रखे दो थैलों में मेहमानों के दिए नगद और जेवर रखे थे… लेकिन कुछ ही मिनटों में एक थैला रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।
पहले किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही परिवार वालों की नजर थैलों पर पड़ी, एक थैला गायब देखकर हड़कंप मच गया। हर तरफ खोजबीन शुरू हुई, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं मिला।

थोड़ी देर बाद, मंच के पीछे ट्रैक्टर के पास फटे हुए लिफाफे मिले… मानो चोर ने वहीं बैठकर सारे गिफ्ट खंगाल लिए हों और फिर आराम से भीड़ में गायब हो गया हो।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए थैले में करीब 4 लाख रुपये नगद और 1.5 से 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर थे।
सुबह होते ही पुलिस को सूचना दी गई। जांच टीम मौके पर पहुंची और अब हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है।
