
Raipur Woman Murder: रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में WRS कॉलोनी स्थित तालाब से मिली युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। जांच में मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने उसके परिचित करण तांडी को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम संबंध और आपसी विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, नंदनी और करण की पहचान करीब तीन साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ समय बाद रिश्ते में खटास आने लगी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा। जांच में पता चला कि आरोपी को युवती के किसी अन्य युवक से संपर्क होने का शक था।
जांच एजेंसियों का कहना है कि घटना वाले दिन दोनों की मुलाकात हुई थी। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर नंदनी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को WRS कॉलोनी के तालाब में फेंक दिया गया।
मंगलवार सुबह तालाब में शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर मृतका की पहचान की। जांच की कड़ियां आरोपी तक पहुंचीं, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, घटनास्थल और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किया जा सकता है।
