रायपुर के खरोरा इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अवैध संबंध में बाधा बन रहे पति की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या करा दी। आरोपियों ने घटना को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में साजिश का खुलासा हो गया।
सड़क किनारे मिला था शव
शनिवार को थाना खरोरा में भागवत सारथी ने सूचना दी कि उसके छोटे भाई किशोर का शव ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास संदिग्ध हालत में सड़क किनारे पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने हत्या कर शव को घसीटकर वहां फेंका है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पत्नी और प्रेमी ने रची साजिश
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की पत्नी का लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप नाम के युवक से पिछले कुछ महीनों से प्रेम संबंध था। जब पति किशोर को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो घर में अक्सर विवाद होने लगा। इसी से परेशान होकर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
शुक्रवार रात करीब 9 बजे पत्नी ने बहन को लाने के बहाने पति को ग्राम बिठिया भेज दिया। पहले से ही खरोरा-रायपुर रोड पर आरोपी घात लगाए बैठे थे। थार वाहन में सवार आरोपियों ने किशोर की बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपियों ने इसे सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की।
4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में साजिश के तहत हत्या का मामला दर्ज करते हुए मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल थार वाहन को जब्त कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है
