गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शादी में देरी से परेशान एक प्रेमी जोड़े ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, कृष्णा भैना (18 वर्ष) और अनिता भैना (21 वर्ष) एक-दूसरे से प्रेम करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे। उन्होंने अरपा महोत्सव में होने वाले सामूहिक विवाह के लिए पंजीयन कराने की कोशिश की, लेकिन लड़के की उम्र कम होने के कारण उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पिछले तीन महीनों से गांव में ही एक घर में लिव-इन रिलेशन में रह रहे थे। शादी नहीं हो पाने से वे काफी निराश थे। परिवार वालों ने समझाया कि उम्र पूरी होने पर शादी कर दी जाएगी, लेकिन दोनों की हताशा कम नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि बीती रात पहले युवती ने घर के अंदर फांसी लगा ली। युवक ने उसे फंदे से उतारा और परिवार को जानकारी दी। इसके बाद देर रात युवक ने भी घर के बाहर नीलगिरी के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी।
इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
