महासमुंद। पिथौरा थाना क्षेत्र से लापता युवक अमित चौधरी की बाइक रविवार को पीलवापाली जंगल में जली हुई हालत में मिली। युवक 25 जुलाई की शाम से गायब है। अंतिम बार उसे पिथौरा बस स्टैंड के पास एक होटल में देखा गया था। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया और कोई संपर्क नहीं हो पाया।
अमित चौधरी एक निजी फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह 25 जुलाई की शाम करीब 6 बजे घर से निकला था। जब देर रात तक घर नहीं लौटा, तो छोटे भाई अमन चौधरी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि जंगल में एक जली हुई बाइक पड़ी है। जांच में पुष्टि हुई कि यह बाइक लापता अमित चौधरी की है। थाना प्रभारी टी. उमेश वर्मा ने बताया कि बाइक को जानबूझकर जलाए जाने की आशंका है। पुलिस ने बाइक को जब्त कर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और पुलिस मामले को गहराई से जांच रही है।
