
अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने बाबा रामदेव के बयान पर जवाब देते हुए उन पर निशाना साधा है। मामला कंगना की Gen Z यानी जेनरेशन Z को लेकर की गई टिप्पणी से जुड़ा है। कंगना ने इस पीढ़ी को ‘गटर जेनरेशन’ कहा था, जिसके बाद रामदेव ने उनके बयान की आलोचना की थी।
रामदेव ने कंगना की बात को गलत बताते हुए उनकी मानसिकता पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कंगना के अतीत और उनकी जवानी का भी जिक्र किया। रामदेव ने ऐसी सोच रखने वाले लोगों पर बात नहीं करने की बात कही थी और कंगना की पार्टी से भी उनके बयान पर ध्यान देने को कहा था।
रामदेव की इसी टिप्पणी पर कंगना ने सवाल खड़े किए। सुधीर चौधरी के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को उनके निजी जीवन और जवानी के बारे में टिप्पणी करने से पहले यह बताना चाहिए कि उसे उनके बारे में ऐसी जानकारी आखिर कहां से मिली।
कंगना ने तीखे अंदाज में पूछा, “क्या बाबा रामदेव मेरे बेडरूम में चमगादड़ की तरह लटके थे? क्या उन्होंने मुझे मेरी जवानी में देखा था?” उन्होंने कहा कि रामदेव को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने उनके बारे में ऐसा क्या देखा, जिसके आधार पर उन्होंने यह टिप्पणी की।
इसके बाद कंगना ने रामदेव की कारोबारी गतिविधियों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि रामदेव ने योग, आयुर्वेद और स्वदेशी अभियान से अपनी पहचान बनाई, लेकिन समय के साथ उनका कारोबार काफी फैल गया है।
कंगना ने दावा किया कि स्वदेशी अभियान के शुरुआती दौर में रामदेव को सरकार की ओर से प्रोत्साहन मिला था। उनके मुताबिक, अब रामदेव का झुकाव कारोबार और पूंजीवाद की ओर काफी बढ़ गया है।
उन्होंने रामदेव के उत्पादों का जिक्र करते हुए तंज किया कि योग और आयुर्वेद से शुरू हुआ सफर अब बनियान और अंडरवियर जैसे उत्पाद बेचने तक पहुंच चुका है।
हालांकि, कंगना ने यह भी कहा कि व्यापारी होना अपने आप में गलत नहीं है। उनका सवाल रामदेव की पहचान और उनके सार्वजनिक दावों को लेकर था। उन्होंने कहा, “एक व्यापारी बनने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन आप जो नहीं हैं, उसका चोला मत पहनिए।”
इस पूरे विवाद में पहले कंगना की Gen Z को लेकर टिप्पणी सामने आई, फिर रामदेव ने उस पर प्रतिक्रिया दी और कंगना के अतीत पर टिप्पणी की। अब कंगना ने रामदेव की निजी टिप्पणी के साथ-साथ उनके कारोबार को भी अपने जवाब का हिस्सा बना लिया है।
