झारखंड के धनबाद से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां गोविंदपुर इलाके में एक भाई ने अपनी बहन की मौत के बाद ऐसा कदम उठाया, जिससे पूरा मोहल्ला सन्न रह गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, लिपिका नाम की महिला तलाक के बाद अपने पिता के घर में रह रही थी और पिछले तीन साल से डिप्रेशन से जूझ रही थी। 2023 में पिता की मौत के बाद वह और ज्यादा टूट गई थी और ज्यादातर समय अपने कमरे में ही रहती थी।
बताया जा रहा है कि 7 अप्रैल की रात उसकी मौत हो गई। लेकिन बड़े भाई प्रणव ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। हैरानी की बात ये है कि उसने बहन के शव को घर के बाथरूम में ही जला दिया।
करीब चार दिन बाद जब घर से तेज बदबू आने लगी तो पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बाथरूम में अधजला शव देखकर सभी चौंक गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और बड़े भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को उसके बयानों पर शक है, क्योंकि वह बार-बार अपनी बात बदल रहा है।
परिवार पहले से ही मुश्किल दौर से गुजर रहा था। 2020 में मां और 2023 में पिता की मौत के बाद तीनों भाई-बहन डिप्रेशन में चले गए थे। आर्थिक तंगी और अकेलेपन ने हालात और खराब कर दिए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और सच्चाई छिपी है।
