जांजगीर-चांपा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिलासपुर एसीबी टीम ने नवागढ़ नगर पंचायत के एक लेखापाल को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म ने नगर पंचायत क्षेत्र में साल 2024-25 के दौरान निर्माण और मरम्मत का काम किया था। इस काम का करीब 2 लाख 3 हजार रुपये का भुगतान चेक के जरिए होना था, लेकिन लेखापाल इसके बदले 16 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था।
शिकायतकर्ता पहले ही 6 हजार रुपये दे चुका था, जबकि बाकी रकम की मांग लगातार की जा रही थी। वह रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से कार्रवाई की मांग की।
जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। बातचीत के बाद आरोपी 10 हजार की जगह 8 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप प्लान तैयार किया।
20 मार्च को शिकायतकर्ता को पैसे देने भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने 8 हजार रुपये लेकर अपनी कार में रखे, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे ग्राम सेमरा के पास पकड़ लिया। आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
