Jagdeep Dhankhar Hospitalized: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सोमवार को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के कार्डियोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले वे अपने आवास के वॉशरूम में अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे। इसके बाद उन्हें पहले मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार दोपहर करीब 2 बजे AIIMS रेफर किया गया।
कार्डियोलॉजी विभाग में चल रहा इलाज
AIIMS सूत्रों के मुताबिक, पूर्व उपराष्ट्रपति को हृदय से जुड़ी पुरानी समस्या है। इसी कारण उन्हें कार्डियोलॉजी विभाग में निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
पहले भी कई बार बिगड़ चुकी है तबीयत
जगदीप धनखड़ इससे पहले भी कई सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान बेहोश हो चुके हैं। इनमें कच्छ का रण, उत्तराखंड, केरल और दिल्ली की घटनाएं शामिल हैं। लगातार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उन्होंने 21 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था।
उपराष्ट्रपति रहते हुए हुई थी एंजियोप्लास्टी
उपराष्ट्रपति रहते समय भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया था। उस दौरान उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी। इसके बाद भी एक-दो बार इलाज के लिए AIIMS में भर्ती होना पड़ा। इस बार भी बेहोश होने के बाद पहले नजदीकी अस्पताल में आपात चिकित्सा दी गई, फिर बेहतर इलाज के लिए AIIMS लाया गया।
सरकारी आवास को लेकर लिखा था पत्र
इस्तीफे के करीब पांच महीने बाद तक पूर्व उपराष्ट्रपति को सरकारी आवास आवंटित नहीं हो सका था। इस संबंध में उन्होंने 22 अगस्त 2025 को आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव को पत्र लिखकर पूर्व उपराष्ट्रपतियों को मिलने वाले आधिकारिक आवास की मांग की थी।
पूर्व उपराष्ट्रपतियों को मिलने वाली सुविधाएं
अधिकारियों के अनुसार, एक पूर्व उपराष्ट्रपति को—
लगभग 2 लाख रुपये मासिक पेंशन
टाइप-8 सरकारी बंगला
निजी सचिव, अतिरिक्त निजी सचिव, निजी सहायक
एक चिकित्सक, नर्सिंग अफसर
कुल चार निजी सहायक
की सुविधा दिए जाने का प्रावधान है।
