अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर जारी सैन्य हमलों को दो हफ्तों के लिए रोकने का बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। ईरान की सरकारी मीडिया ने भी युद्धविराम की पुष्टि कर दी है।
ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत रहता है, तो यह दोतरफा युद्धविराम लागू रहेगा। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अपने सैन्य उद्देश्यों को हासिल कर चुका है और अब दीर्घकालिक शांति समझौते की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
ट्रंप के मुताबिक, ईरान की ओर से 10 सूत्रीय प्रस्ताव मिला है, जिसे बातचीत के लिए व्यावहारिक आधार माना जा रहा है। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि युद्धविराम की शुरुआत होर्मुज जलडमरूमध्य खुलने के साथ होगी।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने भी इस समझौते की पुष्टि करते हुए कहा कि यह ईरान की जीत है और स्थायी शांति वार्ता इस्लामाबाद में होगी। रिपोर्ट्स के अनुसार इजरायल ने भी इस युद्धविराम पर सहमति जता दी है।
इससे पहले ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि यदि होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला गया तो अमेरिका बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे पर हमला कर सकता है।
