IND vs NZ Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले भारत और न्यूजीलैंड के कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी-अपनी रणनीति और इरादे जाहिर किए। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि उन्हें अहमदाबाद में भारतीय फैंस का दिल तोड़ना अच्छा लगेगा। इस बयान पर भारतीय कप्तान सूर्या यानी सूर्यकुमार यादव ने मजाकिया अंदाज में जवाब देते हुए कहा कि “कुछ नया बोलिए, ये लाइन पहले भी सुन चुके हैं।”
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अब बेहद करीब है। टीम इंडिया लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी, जबकि न्यूजीलैंड पहली बार ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगा।
सैंटनर बोले- भारतीय फैंस को निराश करना अच्छा लगेगा
फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम पूरी तरह तैयार है और अगर मौका मिला तो वह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मौजूद भारतीय फैंस की उम्मीदों को तोड़ने की कोशिश करेंगे।
सैंटनर ने यह भी कहा कि वर्ल्ड कप फाइनल एक बड़ा मुकाबला होता है और उनकी टीम पूरे टूर्नामेंट में कठिन परिस्थितियों से गुजरकर यहां तक पहुंची है। उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ की, जिन्होंने अब तक 10 विकेट लिए हैं।
सूर्या ने मजाक में दिया जवाब
सैंटनर के बयान पर जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि यह बात पहले भी सुन चुके हैं। उन्होंने 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल से पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस के बयान की याद दिलाते हुए कहा कि अब कुछ नया बोलना चाहिए।
इस प्लान के साथ उतरेगी टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव ने कहा कि फाइनल में टीम का फोकस व्यक्तिगत रिकॉर्ड या स्ट्राइक रेट पर नहीं बल्कि सिर्फ जीत पर होगा। अगर 120 के स्ट्राइक रेट से खेलकर भी टीम वर्ल्ड कप जीतती है तो वही सही है।
उन्होंने बताया कि टीम इंडिया परिस्थितियों के हिसाब से खेलेगी और जो भी लक्ष्य बनेगा, उसे बचाने की पूरी कोशिश करेगी। टीम का मकसद सिर्फ एक है—ट्रॉफी जीतना।
इतिहास से डर रहे भारतीय फैंस
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए हैं और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की है। ये मैच 2007, 2016 और 2021 में खेले गए थे।
हालांकि ट्रॉफी की बात करें तो भारत दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है, जबकि न्यूजीलैंड अब तक फाइनल नहीं जीत पाया है। हालिया फॉर्म में टीम इंडिया मजबूत दिख रही है, क्योंकि वर्ल्ड कप से पहले भारत ने न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज में 4-1 से हराया था।
अब देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल में कौन सी टीम ट्रॉफी अपने नाम करती है।
