
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को शुक्रवार सुबह वापस अदियाला जेल पहुंचा दिया गया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में कराया गया था। करीब छह विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी जांच की और अस्पताल में रखने की जरूरत नहीं बताई।
सेहत को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने दिया था निर्देश
इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद सुप्रीम कोर्ट ने पाकिस्तान सरकार को उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने का आदेश दिया था। अदालत ने 16 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई तक उन्हें अस्पताल में रखने को कहा था।
सरकार ने बाद में इस आदेश पर पुनर्विचार की मांग की। शहबाज शरीफ सरकार ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर आदेश वापस लेने का अनुरोध किया, लेकिन अदालत ने इसे स्वीकार नहीं किया।
अस्पताल से जेल तक कड़ी सुरक्षा
इमरान खान की जांच के दौरान अस्पताल के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जियो टीवी के मुताबिक, इस्लामाबाद के पुलिस महानिरीक्षक सैयद अली नासिर रिजवी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ अस्पताल का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
जेल सूत्रों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद इमरान खान को भारी सुरक्षा के बीच वापस अदियाला जेल ले जाया गया और उनकी सेल में भेज दिया गया।
जनवरी में सामने आई थी आंखों की बीमारी
इमरान खान को जनवरी के अंत में राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन का पता चला था। इसके बाद इलाज के लिए उन्हें कई बार इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाया गया।
उनके परिवार और राजनीतिक सहयोगी उनकी सेहत और जेल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को लेकर चिंता जताते रहे हैं। इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। इससे पहले 9 मई 2023 को उनकी गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन और हिंसा हुई थी। 5 अगस्त को उन्हें भ्रष्टाचार के मामलों में फिर गिरफ्तार किया गया था।
