Husband wife found dead Bilaspur
: बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से बड़ा मामला सामने आया है। यहां पति-पत्नी की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, पत्नी का शव खेत की मेड पर मिला, जबकि पति फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि पूरे मामले का राज पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा।
मृतकों की पहचान अमित इंदुआ (29 वर्ष) और उसकी पत्नी अंजू इंदुआ (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात दोनों नवरात्रि घूमने निकले थे। घर लौटकर बच्चों को सुलाने के बाद देर रात बाहर चले गए और बुधवार सुबह यह दर्दनाक घटना सामने आई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित शराब पीने का आदी था और पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि पहले पत्नी की हत्या हुई और फिर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं अंजू ने जहर तो नहीं खाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। SSP रजनेश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। फिलहाल, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है और मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
