कोरबा। हसदेव ताप विद्युत उत्पादन केंद्र (HTPS) में करंट की चपेट में आए ठेकाकर्मी की मौत हो गई है। यह हादसा 7 अगस्त को हुआ था, जब क्लीनिंग और टाइटनेस का काम कर रहे जीमैक्स कंपनी के कर्मचारी सुरेंद्र साहू (25) लाइव ब्रेकर की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में जूनियर इंजीनियर आकाश कुजूर भी झुलस गए थे।
घटना के बाद दोनों को रायपुर के कालड़ा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लेकिन 15 अगस्त की सुबह सुरेंद्र साहू ने दम तोड़ दिया। मृतक दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी का रहने वाला था।
मुआवजे और नौकरी की मांग पर हंगामा
सुरेंद्र की मौत के बाद परिजनों ने मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर हंगामा किया। बाद में 12 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी, तब जाकर मामला शांत हुआ।
वहीं, हादसे में घायल इंजीनियर आकाश कुजूर का इलाज अभी जारी है।
