दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के ग्राम नगपुरा में प्रसिद्ध कथा वाचक पं. प्रदीप मिश्रा द्वारा शिव महापुराण कथा वाचन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 17 दिसंबर से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान और अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था लागू की है, ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन
यातायात पुलिस के अनुसार, गनियारी–बोरई मार्ग पर श्रीराम पान पैलेस के पास से दुर्ग/पुलगांव की ओर आने वाले भारी वाहनों को ग्राम बोरई–घुमका–ठेलकाडीह होते हुए राजनांदगांव की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा हरिओम किराना स्टोर (बोरई तिराहा) और सृष्टि इंजीनियर चौराहा के पास भी भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
शनि मंदिर अंजोरा मोड़, नगपुरा–जल बांधा–खैरागढ़ मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन यथावत रहेगा। वहीं, चिखली चौक (धमधा रोड) से कार्यक्रम स्थल की ओर किसी भी प्रकार के भारी वाहन के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
रावण भाठा चौक नगपुरा से भारी वाहनों को दुर्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
दुर्ग, कोटनी, भिलाई, रायपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु बाजार चौक से बिजली सब स्टेशन के आगे निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे।
बाईपास महमरा, गनियारी, अंजोरा की ओर से आने वाले श्रद्धालु नगपुरा पुलिस चौकी के बगल मैदान में पार्किंग का उपयोग करेंगे।
खैरागढ़, जल बांधा, धमधा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए नगपुरा चौकी के पहले दाएं-बाएं निर्धारित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं।
