Donald Trump G20 Boycott: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने घोषणा की है कि दक्षिण अफ्रीका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में अमेरिका का कोई प्रतिनिधि शामिल नहीं होगा।
ट्रंप ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका में श्वेत किसानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है, इसलिए अमेरिका इस सम्मेलन का बहिष्कार कर रहा है।
पहले उम्मीद थी कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (JD Vance) अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे, लेकिन अब यह संभावना भी खत्म हो गई है।
ट्रंप का बयान बना चर्चा का विषय
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल (Truth Social) पर लिखा,
“यह अपमानजनक है कि जी-20 सम्मेलन दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किया जा रहा है।”
उन्होंने मियामी में एक कार्यक्रम के दौरान कहा,
“मैं वहां नहीं जाऊंगा। दक्षिण अफ्रीका को G20 में नहीं होना चाहिए। जो वहां हो रहा है, वह गलत है।”
दक्षिण अफ्रीका ने दिया जवाब
दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने अमेरिकी आरोपों को बिलकुल निराधार बताया है। उनका कहना है कि देश में सभी समुदायों के अधिकार और सुरक्षा के लिए सख्त कानून और व्यवस्थाएं हैं।
पहली बार अफ्रीकी धरती पर होगा G20 सम्मेलन
दक्षिण अफ्रीका ने 1 दिसंबर 2024 को एक साल के लिए G20 की अध्यक्षता संभाली है।
22–23 नवंबर को जोहानिसबर्ग में होने वाला यह सम्मेलन अफ्रीकी महाद्वीप पर पहली बार आयोजित किया जा रहा है।
इससे पहले भारत ने दिसंबर 2022 से नवंबर 2023 तक G20 की अध्यक्षता की थी और नई दिल्ली में आयोजित सम्मेलन की मेजबानी की थी।
G20 के सदस्य देश
G20 में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं शामिल हैं —
अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका, साथ ही यूरोपीय संघ और अफ्रीकी संघ भी इसके सदस्य हैं।
