धमतरी। जिले के दुगली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सास और साली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर की सुबह दामाद अपनी सास और साली के साथ बाइक से नगरी से एक नहावन कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में भूतेश्वर साहू (30) निवासी टेमरी, जिला दुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी सास गीता बाई साहू (45) और साली कुमारी सीमा साहू (16) गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायल चंदनबिरही गांव की रहने वाली हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को धमतरी जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही दुगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
