Delhi Blast 2025: लाल किला धमाके की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े आतंकी डॉ. उमर नबी का नया CCTV फुटेज मिला है, जिसमें वह हमले से कुछ घंटे पहले मस्जिद और दरगाह में जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
सूत्रों के अनुसार, उमर नबी हमले वाले दिन तुर्कमान गेट स्थित दरगाह फैज-ए-इलाही पहुंचा था। पुलिस को वहां का फुटेज मिला है, जिसमें उमर अकेले दरगाह के अंदर जाता और करीब 30 मिनट बाद बाहर निकलता दिख रहा है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह मत्था टेकने गया था या किसी से गुप्त मुलाकात करने।
इसी दिन वह निजामुद्दीन दरगाह में भी पहुंचा था, जहां का फुटेज भी जांच टीम के हाथ लगा है। इसमें उमर को दरगाह में प्रवेश करते और कुछ समय बाद निकलते देखा गया। इस दौरान उसके साथ कोई और व्यक्ति नजर नहीं आया।
सुनहरी मस्जिद में भी मिला सुराग
जानकारी के मुताबिक, आतंकी उमर ने सुनहरी मस्जिद की पार्किंग में अपनी आई-20 कार को लगभग तीन घंटे तक खड़ा रखा था। सीसीटीवी कैमरों में उसकी कार पार्किंग में अंदर जाते और बाहर निकलते हुए देखी गई है। हालांकि जहां उसने गाड़ी खड़ी की थी, वहां कैमरा नहीं था। इससे आशंका है कि वह पहले भी कई बार वहां आ चुका था।
जांच में सामने आया है कि सोमवार दोपहर 3:19 बजे उमर कार लेकर पार्किंग में गया और शाम 6:25 बजे बाहर निकला। पूरी अवधि के दौरान वह अकेले कार में बैठा रहा।
लाल किला के पास धमाका कैसे हुआ
पुलिस फुटेज के आधार पर बता रही है कि पार्किंग से निकलने के बाद उमर ने कार को नेताजी सुभाष मार्ग से होते हुए जामा मस्जिद और लाल किला की ओर मोड़ा। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की तरफ यूटर्न लेने के बाद वह फिर से लाल किला के सामने पहुंचा। उसी दौरान धीमी रफ्तार से चल रही कार में धमाका हो गया।
धमाके और उमर की हर गतिविधि कई CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने अब सभी फुटेज को जब्त कर लिया है और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
जांच एजेंसियां अब इस बात की तहकीकात में हैं कि क्या उमर के किसी स्थानीय नेटवर्क या मददगार से संपर्क थे। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों ने मस्जिद और दरगाह के आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी है ताकि कोई सबूत नष्ट न हो सके।
