बिलासपुर। शहर में ऑटो चालकों की गुंडागर्दी थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार सुबह रेलवे के ट्रैकमेंटेनर देव प्रकाश साहू और उनके साथी पुष्पेंद्र ठाकुर के साथ ऑटो चालक फरदीन उर्फ छोटू और उसके साथियों ने मारपीट कर दी।
जानकारी के मुताबिक, दोनों कर्मचारी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। रेलवे स्टेशन चौक साईं मंदिर के पास ऑटो चालक ने बिना इंडिकेटर गाड़ी मोड़ दी, जिससे बाइक हल्के से ऑटो से टकरा गई। इस पर चालक और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए दोनों कर्मचारियों से मारपीट की। यह पूरी घटना रेलवे के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
ट्रैकमेंटेनर एसोसिएशन बिलासपुर जोन के अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार कौशिक ने अधिकारियों के साथ तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई और चेतावनी दी कि अगर दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो एसपी से मिलकर शिकायत करेंगे। शहर में ऑटो चालकों की दबंगई के चलते इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
