बिलासपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तंत्र-मंत्र के चक्कर में एक व्यक्ति ने अपनी जान गंवा दी। जानकारी के मुताबिक, पचपेड़ी थाना क्षेत्र के जोंधरा गांव निवासी 45 वर्षीय चंदन नट, जो भीख मांगकर परिवार का पालन-पोषण करता था, ने कथित तौर पर पूजा करते समय खुद का गला काट लिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम को वह रोज की तरह भीख मांगकर घर लौटा और अपने बड़े भाई के साथ कुछ देर तक बैठकर बातचीत करता रहा। इसके बाद वह घर के पूजा कमरे में चला गया। करीब एक घंटे बाद जब उसकी बहू किसी काम से पूजा कक्ष में पहुंची, तो अंदर का नजारा देख उसकी चीख निकल गई। चंदन खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था।
परिवार के लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक पहले भी तंत्र-मंत्र के प्रभाव में आकर खुद को नुकसान पहुंचा चुका था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
