रायपुर में नवरात्रि के आठवें दिन महाअष्टमी के अवसर पर भक्तों का उत्साह चरम पर नजर आया। मां महागौरी की पूजा के लिए सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में हवन, पूजन और आरती का आयोजन हुआ, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
मंदिरों में दिखा श्रद्धा का सैलाब
महाअष्टमी के खास मौके पर रायपुर के अलग-अलग मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। हर कोई माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करता नजर आया।
बंजारी माता मंदिर में उमड़ी भीड़
रावांभाठा स्थित बंजारी माता मंदिर में सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। यहां दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। मान्यता है कि इस मंदिर की खोज बंजारा समाज ने की थी, इसी वजह से इसका नाम बंजारी माता मंदिर पड़ा।
मंदिर के गर्भगृह में स्थापित प्रतिमा को मां बगलामुखी का स्वरूप माना जाता है, जो पास के जंगल से प्राप्त हुई थी। इस कारण मंदिर की आस्था और भी खास मानी जाती है।
नाग-नागिन की अनोखी मान्यता
बंजारी माता मंदिर से जुड़ी एक अनोखी मान्यता भी लोगों के बीच काफी प्रसिद्ध है। कहा जाता है कि यहां समय-समय पर नाग-नागिन के जोड़े दर्शन देने आते हैं। पुजारियों के अनुसार पहले एक जोड़ा दिखाई देता था, लेकिन अब कई जोड़े नजर आने लगे हैं, जिसे लोग माता की कृपा का संकेत मानते हैं।
