दुर्ग। जिले के आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां 11 शिक्षकों के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए गए थे। मामला तब खुला जब एक महिला शिक्षिका नियुक्ति पत्र लेकर ज्वाइनिंग करने स्कूल पहुंच गई।
ऐसे हुआ खुलासा
जेपी नगर कैंप-2 स्थित स्कूल में जब महिला शिक्षिका ज्वाइनिंग के लिए पहुंची, तो प्राचार्य को नियुक्ति पत्र पर संदेह हुआ। उन्होंने महिला को फोटोकॉपी कराने भेजा और जिला शिक्षा विभाग से जानकारी ली। जांच में पता चला कि डीईओ कार्यालय से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ था। इसके बाद महिला वापस नहीं लौटी, जिससे फर्जीवाड़ा साफ हो गया।
प्राचार्य की शिकायत के बाद FIR की तैयारी
प्राचार्य सुधा कुर्रे ने इस मामले की लिखित शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी को दी। इसके बाद डीईओ अरविंद मिश्रा ने एसपी कार्यालय और कोतवाली थाने में शिकायत भेजकर एफआईआर दर्ज करने का प्रतिवेदन दिया है। जांच में पाया गया कि नियुक्ति पत्र के प्रारूप और पदों में कई खामियां थीं।
किन शिक्षकों के नाम से जारी हुए फर्जी पत्र
फर्जी नियुक्ति पत्र में अलग-अलग विषयों के शिक्षकों को विभिन्न स्कूलों में ज्वाइनिंग के आदेश दिए गए थे:
हिंदी विषय:
किसन सहारे – नेवई
रोहिणी साहू – दुर्ग
दीपिका धुरंधर – बोरी
गणित विषय:
राजेश देवांगन – देवादा
भारती निर्मलकर – धमधा
रिचा शर्मा – अंजोरा
नेहा राठौर – बसिन
श्वेता कौर – कैंप-2 छावनी
किरण पटेल – कुम्हारी।
वाणिज्य विषय:
नमेश देवांगन – चरोदा
किरण चौधरी – उतई
इन सभी को 1 अप्रैल को संबंधित स्कूलों में ज्वाइन करने का आदेश दिखाया गया था।
पैसे लेकर ठगी की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पैसे लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए गए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
