Achyut Potdar Death: मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अच्युत पोतदार अब इस दुनिया में नहीं रहे। आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 3 ईडियट्स में सख्त प्रोफेसर का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए पोतदार का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने थाणे के जूपिटर हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली, जहां वह बीते कुछ दिनों से बीमार थे। आज (19 अगस्त) उनका अंतिम संस्कार थाणे में किया जाएगा।
आर्मी से एक्टिंग तक का सफर
अच्युत पोतदार ने फिल्मों में कदम रखने से पहले इंडियन आर्मी और फिर इंडियन ऑयल कंपनी में काम किया। लेकिन अभिनय के प्रति जुनून उन्हें 1980 के दशक में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री तक ले आया। चार दशकों से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने सैकड़ों फिल्मों और टीवी शोज़ में काम किया।
3 ईडियट्स से मिली खास पहचान
राजकुमार हिरानी की ब्लॉकबस्टर 3 ईडियट्स में पोतदार ने इंजीनियरिंग कॉलेज के स्ट्रिक्ट प्रोफेसर का रोल निभाया था। उनका मशहूर डायलॉग “क्या बात है” आज भी सोशल मीडिया पर मीम्स में खूब शेयर होता है। इसके अलावा उन्होंने परिंदा, दामिनी, इंसाफ, लगे रहो मुन्नाभाई, परिणीता, रंगीला, दागः द फायर और चमत्कार जैसी हिट फिल्मों में भी अहम भूमिकाएं निभाईं।
टीवी शोज़ में भी छोड़ी छाप
फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने छोटे पर्दे पर भी शानदार काम किया। वागले की दुनिया, भारत की खोज, मिसेज तेंदुलकर और माझा होशील ना जैसे चर्चित टीवी शोज़ में भी उनकी एक्टिंग को खूब सराहा गया।
फैंस में मायूसी
अच्युत पोतदार के निधन की खबर से बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री गमगीन है। सोशल मीडिया पर फैंस और सह-कलाकार उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
