
धमतरी। सुपेला गांव में नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। महिला ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उसके पति ने ही गला घोंटकर उसकी हत्या की थी। वारदात के बाद आरोपी ने परिवार के साथ मिलकर इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।
मामला 5 सितंबर, जन्माष्टमी का है। भखारा थाना पुलिस को वीणा उर्फ बबली ठाकुर के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला के गले पर पतली वस्तु या कपड़े से गला दबाने जैसे निशान मिले थे।
शुरुआत में पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू ने पुलिस को बताया कि वह खेत से लौटने के बाद पत्नी को कमरे में गया हुआ देख रहा था। शाम करीब साढ़े 5 बजे कमरे में पहुंचने पर वीणा संदिग्ध हालत में मिली। परिवार ने पहले इसे दिल का दौरा समझकर डॉक्टर को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर, मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बदली जांच की दिशा
पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों और अन्य लोगों के बयान लिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह मानववध (Homicidal) सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आत्महत्या के बजाय हत्या के एंगल से जांच शुरू की।
पुलिस ने मृतिका के पति विवेक को पूछताछ के लिए बुलाया। कड़ाई से पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पत्नी पर दूसरे युवक से बातचीत का था शक
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के मोबाइल पर किसी दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। 4 सितंबर की शाम करीब 5 बजे विवाद के दौरान गुस्से में आकर उसने नायलॉन की रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया।
हत्या के बाद आरोपी घबरा गया और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
आरोपी के अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने विवेक ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया। संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
