
नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी विरासत पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस को लेकर डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि फिल्म के सिनेमाघरों में रहते हुए उसे हिट या फ्लॉप कहना सही नहीं है।
समय से पहले फैसला देने पर जताई नाराजगी
ANI से बातचीत में विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि किसी फिल्म की पूरी रन खत्म होने से पहले उसे फ्लॉप घोषित करना जल्दबाजी है। उनके मुताबिक, जब तक दर्शक फिल्म के साथ हैं और उसे पसंद कर रहे हैं, तब तक उसकी सफलता की उम्मीद बनी रहती है।
डायरेक्टर ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि फिल्म करीब ढाई महीने तक सिनेमाघरों में चलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे हफ्ते में महज 25 सिनेमाघरों में फिल्म की कमाई पहले हफ्ते के करीब रही, जब यह लगभग 250 सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
बड़े स्टार्स की फिल्मों से मिली टक्कर
विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ और ‘टॉक्सिक’ जैसी बड़ी फिल्मों के रिलीज होने के बाद ‘हनुमान अंश’ को कई जगह शो मिलने में परेशानी हुई। उन्होंने कहा कि कुछ सिनेमाघरों में फिल्म के शो हाउसफुल होने के बावजूद बड़ी फिल्मों को प्राथमिकता देने के कारण इसके शो कम या हटाए गए।
इसके बाद फिल्म की प्रोडक्शन टीम ने गुजरात और राजस्थान के कई शहरों का दौरा किया। टीम ने सूरत, बड़ौदा, अहमदाबाद, राजकोट, मोरबी, जोधपुर, जयपुर और उदयपुर समेत कई जगहों पर जाकर फिल्म की स्क्रीनिंग को लेकर काम किया।
कम बजट की फिल्म ने चौंकाया
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ में शोभिना डब्ल्यू सत्या, विहान एस हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के रस्तोगी और गुलशन पांडे नजर आए हैं। फिल्म को सिनेपोलिस ने देशभर में सिनेमाघरों में रिलीज किया है। कम बजट के बावजूद फिल्म के प्रदर्शन ने निर्माताओं और दर्शकों का ध्यान खींचा है।
