
मुंबई के चेंबूर में 24 साल की युवती की मौत ने सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले में उसके बॉयफ्रेंड आशीष मगर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने विष्णुमाया को जहर मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि उसकी प्रेमिका किसी दूसरे युवक के साथ रिश्ते में है।
घटना 25-26 अगस्त की रात की है। विष्णुमाया चेंबूर की मैसूर कॉलोनी स्थित बंगला नंबर 57-ए में बेहोश मिली थी। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
युवती की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ और घटनाक्रम से जुड़े सबूतों की जांच में आशीष की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस का आरोप है कि उसने कथित तौर पर विष्णुमाया को जहरीला पदार्थ मिली सॉफ्ट ड्रिंक पिलाई थी।
मौत के बाद कहानी बदलने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आशीष ने शुरुआत में युवती की मौत को सामान्य बताने की कोशिश की। लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का शक उस पर गहराता गया। इसके बाद आरसीएफ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जहर कहां से हासिल किया गया और उसे कोल्ड ड्रिंक में कैसे मिलाया गया।
पुलिस आरोपी की मंशा और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जांच और सामने आने वाले सबूतों के आधार पर होगी।
